दशहरा से दीपावली तक अयोध्या में रहेगी राम नाम की धूम, साढ़े सात लाख दीयों से जगमगाएंगे घाट

इस बार दशहरा से दीपावली तक अयोध्या में राम नाम की धूम रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी इस बार के अयोध्या दीपोत्सव में बतौर खास मेहमान शामिल होने के संकेत मिल रहे हैं। प्रदेश के पर्यटन व संस्कृति मंत्री डॉ.नीलकंठ तिवारी ने ‘हिंदुस्तान’ से कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बार अयोध्या में सात लाख इक्वयान हजार दीपों की सजावट के निर्देश दिए हैं। 
डा.तिवारी ने कहा कि इस बार के दीपोत्सव की थीम ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ रहेगी। दीपोत्सव के अवसर पर वहां छह दिन की हस्तशिल्प कला प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के हस्त निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसे शिल्पोत्सव नाम दिया गया है। दीपोत्सव से पहले दशहरे के आसपास अयोध्या में विदेशी रामलीला मंडलियों को भी आमंत्रित करने के प्रयास किये जा रहे हैं।

पर्यटन व संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि साढ़े सात लाख दीपक तो अयोध्या के घाटों पर जलेंगे ही साथ ही अयोध्या के मंदिरों, आश्रमों आदि पर करीब 10 लाख दीपक जलाए जाएंगे। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में तो साढ़े सात लाख दीपों के प्रज्जवलित करने का नया कीर्तिमान बनेगा। पिछली बार 6.5 लाख दीपक जले थे।

अयोध्या में इसकी शुरुआत 30-31 अक्टूबर से हो सकती है। पहले हस्तशिल्प प्रदर्शनी यानी  शिल्पोत्सव आयोजित किया जाएगा जो कि छह दिन चलेगा। इसके साथ ही पहली नवम्बर को रामायण कॉन्क्लेव का समापन समारोह होगा। इस समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।

अयोध्या जिला प्रशासन से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री के आने के संकेत मिल रहे हैं। इस अवसर पर रामायण सर्किट की पूरी हो चुकी 133 करोड़ रुपये की करीब डेढ़ दर्जन योजनाओं का लोकार्पण और विजन डाक्यूमेंट की कुछ नई योजनाओं का शिलान्यास प्रधानमंत्री मोदी से करवाया जा सकता है।

दीपोत्सव का मुख्य आयोजन राम की पैड़ी  घाट पर होगा। बाकी के कार्यक्रम राम कथा पार्क में होंगे। राम की पैड़ी की सजावट, वाल पेंटिंग के लिए चेन्नई की एक कम्पनी को काम दिया गया है। एक अन्य कंपनी से अयोध्या के मंदिरों के जीर्णोद्धार, उनमें समानता लाने, एक ही रंग रामरज से रंगे जाने का काम कराया जाएगा।

इसी तरह 6 अक्टूबर से 15 अक्टूबर के बीच प्रतिदिन शाम सात बजे से रात दस बजे के बीच अयोध्या में फिल्मी सितारों के अभिनय से सजी रामलीला मंचन होगा। जिसका सजीव प्रसारण कई सेटेलाइट चैनल व सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर किया जाएगा। इस रामलीला में सांसद और भोजपुरी फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी, रवि किशन, बिन्दु दारा सिंह, शहबाज खान, असरानी, रजा मुरादाबाद, शक्ति कपूर, शीबा खान, अमिता नांगिया, कैप्टन राज माथुर आदि अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Leave a Reply